सोमवार, 21 सितंबर 2026

तबेले में शिक्षा

 

अरसे
से गुम थी
पर अंततः
एक तबेले में
खुद अधमरी होते हुए भी
अधमरी गाय को
घास डालती मिली
शिक्षा।

भूसे
के ढेर के नीचे
मृतप्राय
उसने
अपना आवास
बना लिया था।

वेंटीलेटर भी
मुहैया नहीं कराया गया,
क्योंकि
आँकड़ों ने उसे
सम्पूर्ण स्वस्थ
घोषित किया हुआ था।

उसका अस्तित्व
प्रकाश में आते ही
मीडिया के माइक ने
उसे घेर लिया।

सवालों की
बौछार होने लगी
आपको
कैसा लग रहा है?
आप यहाँ हैं,
पर छात्र कहाँ हैं?”

कराहते हुए
जवाब मिला
बच्चे
टूटी सड़क के कारण
नहीं आ पा रहे हैं।

मीडिया
का माइक
तुरंत
सड़क की ओर मुड़ गया
पर सड़क भी
आँकड़ों में
एकदम दुरुस्त थी।

तभी
एक बच्चा
कीचड़ में फिसलकर
सड़क के किनारे जा गिरा।

माइक
उसकी ओर बढ़ा
पर बच्चा
आँकड़ों में
स्कूल पहुँच चुका था।

और शिक्षा?
वह अब भी
तबेले में
अधमरी अवस्था में
अधमरी गाय को
घास डाल रही थी।

2 टिप्‍पणियां:

कविता रावत ने कहा…

सटीक खाका खींचा आपने,, आंकड़ों का खेल चरम पर है, वही नजर आता है धरातल पर कैसे और कौन है देखने वाला,,

M VERMA ने कहा…

शुक्रिया
हालात चिंताजनक है