उन्होंने
पाल रखे हैं
गिद्धों को—
मासूम
और अवयस्क
परिंदों की टोह लेने के लिए।
ये
अक्सर
रेकी पर निकलते हैं—
लौटकर
चटखारे लेते हुए
उन्हें अवगत कराते हैं
परिंदों की बेबसी का।
अबकी बार
शिकार का फरमान
जारी नहीं होता—
वे खुद
गिद्धों के साथ
निकल पड़ते हैं।
वे नोच डालते हैं
मासूम परिंदों के पंख—
कुछ परिंदों का
गोश्त चबाते हुए
वे चटखारे लेते हैं—
फिर
बचे हुए परिंदों को
उड़ने की नसीहत देते हैं।
