सोमवार, 23 नवंबर 2026

हमारी जीत पक्की है...

हमारी जीत
पक्की है...

हमने रच दिया है
आदमकद चक्रव्यूह,
तय है
जिसमें आम जनों का उलझना।

प्रवक्ताओं ने भी
सीख लिया है
संयत भाषा में
दुराचार, अनाचार को
सही साबित करना।

असफलताओं के गड्ढे
ढके जा चुके हैं
लहरदार हरे तिरपाल से।

पूरे चुनाव क्षेत्र में
निजी विमानधारक
कथावाचकों की
तथाकथित कथाएँ

फटेहाल लोगों के बीच
आयोजित की जा रही हैं।

देखते नहीं हम,
टीवी पर निरंतर दिखाए जा रहे हैं
राजनेताओं को
'रेड कार्पेट' पर चलते हुए,

ताकि आम जन
खुद की बिवाइयों का दर्द भी
महसूस न कर सकें।

प्रश्नों को निर्देश है
सभास्थल पर
उत्तर की शक्ल में
प्रवेश करने को।

तभी तो हमें विश्वास है...

हमारी जीत
पक्की है...

6 टिप्‍पणियां: