वह खेलती थी
लुका-छिपी।
उसके छिपने का स्थान
सबको पता था।
और बहुत आसानी से
धप्पा हो जाती थी।
फिर एक दिन
किसी ने उससे कहा—
चलो,
मैं तुम्हें
छिपने का नया स्थान बताता हूँ।
वह कौतूहल से भरी
उसके साथ चली गई।
लोगों ने
गिनती पूरी होते ही
उसे
उसके पुराने छिपने के स्थान पर ढूँढ़ा।
वह तो नहीं मिली,
हाँ, वहाँ
कबूतर के कुछ
नुचे हुए पंख ज़रूर मिले।
और लोग
आज तक
उसे ढूँढ़ते ही रह गए।

1 टिप्पणी:
तलाश जारी रहे
उसे ढूँढते रहेंगे तो
दूसरे की तलाश खत्म हो जाएगी
मार्मिक रचना
वंदन
एक टिप्पणी भेजें