शनिवार, 28 नवंबर 2026

गरीबी से निष्कासन

 

बहुत सुकून से था
मैं
अपने इर्द-गिर्द बिखरे
गरीबी के
सबूतों के बीच।

अभाव का प्रभाव
कुछ इस तरह
जुड़ गया था
मेरे अस्तित्व के साथ
कि वही मेरी
पहचान बन गया था।

एक दिन मुनादी हुई—
अब तुम
गरीबी से बाहर हो!

मैंने उलाहना दी
अपने चारों ओर बिखरी
बदहाली को—

तुम अब क्यों हो
मेरे साथ?

अब जाओ
और सुनो...

कुछ अमीरी के प्रतीकों को
मेरे घर का पता
दे देना!

वे गए तो नहीं,
लेकिन...

मुनादी की रिकॉर्डिंग
और उस समाचार-पत्र की
एक कटिंग
मेरे हाथों में थमा गए।

जिसमें साफ़-साफ़
घोषित किया गया था—

अब मैं
गरीबी से बाहर हूँ!

और इस घोषणा के साथ
छपे थे
विलासिता के
तमाम संसाधनों के विज्ञापन।

कोई टिप्पणी नहीं: