गुरुवार, 12 नवंबर 2026

लुका-छिपी

 

वह खेलती थी
लुका-छिपी।

उसके छिपने का स्थान
सबको पता था।

और बहुत आसानी से
धप्पा हो जाती थी।

फिर एक दिन
किसी ने उससे कहा—

चलो,
मैं तुम्हें
छिपने का नया स्थान बताता हूँ।

वह कौतूहल से भरी
उसके साथ चली गई।

लोगों ने

गिनती पूरी होते ही
उसे

उसके पुराने छिपने के स्थान पर ढूँढ़ा।

वह तो नहीं मिली,
हाँ, वहाँ
कबूतर के कुछ
नुचे हुए पंख ज़रूर मिले।

और लोग
आज तक

उसे ढूँढ़ते ही रह गए।

कोई टिप्पणी नहीं: