महीनों तक तैयारी की
गई
दीपोत्सव के लिए।
लाखों दीये
आयात किए गए थे।
गिनीज़ बुक के
नुमाइंदे भी
बड़ी उत्सुकता से
नज़रें गड़ाए बैठे थे।
इस भव्य आयोजन की
भरपाई के लिए
थालियों से तेल चुराने में माहिर
शातिर और पेशेवर लोग
पहले ही तैनात कर दिए गए थे।
उन्हें सख़्त हिदायत थी—
लोगों की विवशताओं को
इतना विवश कर दो
कि वे अपने अँधेरों को भूलकर
दूसरों के उजालों पर
तालियाँ बजाते रहें।
और हाँ,
उन्हें दूर से ही सही,
जबरन दिखाया जाए
डबल इंजन का
तथाकथित उजाला।
रोशनी को भी
कुछ सख़्त शर्तों के साथ
अनुमति दी गई थी—
वह कुछ समय के लिए ही
फैल सकेगी,
अपनी निर्धारित सीमा में ही
चमक सकेगी।
आख़िर,
उत्सव उजाले का था,
अँधेरों को मिटाने का नहीं।

1 टिप्पणी:
वाह वाह
एक टिप्पणी भेजें