रविवार, 1 मार्च 2026

अलगौझे की लड़ाई


तब,
हमारे गाँव में
अलगौझे की लड़ाइयाँ
अक्सर पनप जाया करती थीं।

दोनों भाई
खेत की मेड़ों से लेकर
आँगन की देहरी तक
डोरी तानकर
अपना-अपना हिस्सा नापते थे।

नापते-नापते
सम्मान की दूरी भी घट जाती
आप’ उतरकर
सीधे तू’ हो जाता,
बातों में लाठी उग आती,
शब्द बारूद की तरह फटते।

लड़ते-लड़ते
गालियाँ
उनके मुँह से यूँ फिसलतीं
जैसे घर की ही दीवार
अपने ही हाथों दरक रही हो।

तभी
भीतर से माँ निकलती,
चौखट पर आकर
खड़ी हो जाती बहन।

माँ कहती
तुम दोनों
मेरी कोख के हिस्से हो।

बहन कहती
दीवारें बाँट लो,
पर माँ का आँगन
मत बाँटना।

और देखो,
जो अभी-अभी
एक-दूसरे का खून पी जाने को थे,
वही
चुपचाप
एक ही लोटे से पानी पी लेते
जैसे पानी नहीं,
लाज पी रहे हों।

दरअसल
अलगौझे की लड़ाई
ज़मीन की नहीं होती थी
वह अहंकार की फसल थी,
जिसे
माँ की आँखों का पानी
हर बार काट देता था।


अलगौझा = बंटवारा

6 टिप्‍पणियां:

Digvijay Agrawal ने कहा…

व्वाहहहह
वंदन

M VERMA ने कहा…

Thanks 😊

Aman Peace ने कहा…

Wah!!

M VERMA ने कहा…

Thanks 😊

Razia Kazmi ने कहा…

ये ममता की बात हक़ीक़त है ऐसे ही होता है काश वो दिन फिर आ जाता

M VERMA ने कहा…

शुक्रिया